कांगड़ा के ढलियारा मोड़ पर हादसे में पंजाब के तीन श्रद्धालुओं की मौत, कई अन्य घायल

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 10 अप्रैल (हि.स.)। कांगड़ा जिला के देहरा उपमंडल के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर ढलियारा में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हुए हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब कपूरथला (पंजाब) से आए श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा ब्रेक फेल होने के कारण हुआ बताया जा रहा है। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई घायल हैं।

बताया जा रहा है कि श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर में माथा टेकने के बाद ज्वालामुखी मंदिर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन ढलियारा के खतरनाक मोड़ पर पहुंचा, चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्राली सीधे खाई में जा गिरी।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को खाई से बाहर निकाला। वहीं पुलिस को सूचना दी गई जिसके बाद पुलिस और राहत दल भी मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल देहरा में पहुंचाया गया।

गौरतलब है कि जिस जगह यह हादसा हुआ है वहां पहले भी कई हादसे हुए हैं। इस मोड़ को खूनी मोड़ के नाम से भी जाना जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story