धर्मशाला में निजी बस और जीप के बीच टक्कर, पांच घायल

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला में निजी बस और जीप के बीच टक्कर, पांच घायल


धर्मशाला, 19 जून (हि.स.)। धर्मशाला-पालमपुर रोड़ पर बिजली बोर्ड कार्यालय धर्मशाला के समीप शुक्रवार को एक निजी बस और टैक्सी बोलेरो (जीप) के बीच गलत साईड में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दिल्ली के चार पर्यटक और जीप चालक घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को डिस्चार्ज कर दिया गया। इसमें सभी घायलों को हल्की चोटें ही आई हैं। दिल्ली के पर्यटक पालमपुर के बाद मैक्लोडगंज घूमने जा रहे थे। इसी दौरान जीप बिल्कुल रांग साईड जाकर बस से टकरा गई। हालांकि इसमें पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज नहीं हुआ है, उन्होंने आपसी समझौता कर लिया है।

जानकारी के अनुसार बोलेरो में कुल सात पर्यटक सवार थे, जो दिल्ली के रहने वाले हैं, और पालमपुर से मैक्लोडगंज घूमने जा रहे थे। पर्यटकों ने इसके लिए एक गाड़ी बुक की थी। हादसे के समय अचानक बस से बोलेरो की रांग साईड में पहुंचकर आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे वाहन में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसमें चार पर्यटकों सहित चालक को हल्की चोटें आई थी, जिनका जोनल अस्पताल धर्मशाला में उपचार किया गया।

जीप में बैठे दिल्ली के पर्यटक लोकेश शर्मा ने बताया कि वह और उनके साथी पिछले छह दिनों से पालमपुर में रुके हुए थे और शुक्रवार को मैक्लोडगंज घूमने के लिए निकले थे। उन्होंने बताया कि वह गाड़ी की पिछली सीट पर आंखें बंद करके बैठे हुए थे। अचानक तेज झटका लगा और आंख खुलने पर देखा कि उनकी गाड़ी की एक बस से टक्कर हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि हादसे में चालक सहित पांच लोग घायल हुए हैं। बोलेरो चालक के गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में आने के कारण यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, और ट्रैफिक जाम को दुरूस्त करने में जुट गई।

उधर, एसएचओ धर्मशाला नारायण सिंह ने बताया कि गाड़ी में सवार चालक सहित चार पर्यटकों को हल्की चोटें लगी हैं। दोनों पक्षों में आपसी समझौता होने पर मामला दर्ज नहीं करवाया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story