आरआईएमसी में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा छह दिसंबर को, 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 14 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री काॅलेज (आरआईएमसी) में जुलाई 2027 सत्र में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से प्रवेश परीक्षा छह दिसंबर को पेन-पेपर मोड में आयोजित होगी। परीक्षा की अवधि चार घंटे 30 मिनट निर्धारित की गई है। अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए 2 जुलाई 2013 से 1 जनवरी 2015 के बीच जन्मे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से 30 सितंबर शाम पांच बजे तक आनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। आवेदन शुल्क का भुगतान 30 सितंबर रात 11ः50 बजे तक किया जा सकेगा।

इसके बाद एक से सात अक्टूबर शाम पांच बजे तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन किया जा सकेगा। विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को सात अक्टूबर रात 11ः50 बजे तक शुल्क जमा करवाना होगा।

सामान्य वर्ग, रक्षा कर्मियों एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों तथा केंद्रीय सूची के ओबीसी.एनसीएल अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शुल्क एक हजार रुपये निर्धारित किया गया है। एससी.एसटी अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 750 रुपये है। विलंब से आवेदन करने पर निर्धारित परीक्षा शुल्क के अतिरिक्त 500 रुपये विलंब शुल्क देना होगा।

ओबीसी-एनसीएल अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी जाति केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल है। केवल राज्य की ओबीसी सूची में शामिल अभ्यर्थी ओबीसी-एनसीएल का लाभ नहीं ले सकेंगे।

लिखित परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों के उत्तर पत्रक, प्रश्नपत्र सेट और उत्तर कुंजी एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। लिखित परीक्षा का परिणाम 20 फरवरी 2027 तक घोषित किया जाना प्रस्तावित है। लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए अप्रैल 2027 में दूसरे चरण की मौखिक परीक्षा प्रस्तावित है। इसकी तिथि बाद में एनटीए और आरआइएमसी की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

परीक्षा केंद्र और परीक्षा का समय प्रवेश पत्र में बताया जाएगा। परीक्षा से लगभग 12 से 15 दिन पहले परीक्षा शहर की सूचना तथा परीक्षा से पांच से सात दिन पहले प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story