सेना के अपमान के आरोपों पर जगत नेगी का पलटवार, भाजपा फैला रही झूठ, माफी का सवाल ही नहीं

WhatsApp Channel Join Now
सेना के अपमान के आरोपों पर जगत नेगी का पलटवार, भाजपा फैला रही झूठ, माफी का सवाल ही नहीं


धर्मशाला, 19 नवंबर (हि.स.)। भारतीय सेना के खिलाफ टिप्पणी और माफी की मांग को लेकर भाजपा के विरोध पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने पलटवार किया है। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा विधायकों पर बयान को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने सदन में सेना के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके सवाल केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों और रक्षा सौदों को लेकर थे। ऐसे में माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि विधानसभा की पूरी कार्यवाही रिकॉर्ड होती है और उनका एक-एक शब्द उसमें दर्ज है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाली भाजपा दो दिन की चर्चा में प्रदेश सरकार या किसी मंत्री के खिलाफ कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर पाई। जब उन्होंने विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया तो मुद्दे को भटकाने के लिए सेना के अपमान का मामला बनाया जा रहा है। मंत्री ने राफेल सौदे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जिस विमान की कीमत 700 करोड़ रुपये बताई गई थी, उसे 2300 करोड़ रुपये में खरीदा गया। उन्होंने सवाल उठाया कि कीमत में इतना अंतर क्यों आया।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी उन्होंने राफेल और रक्षा सौदों को लेकर सवाल उठाए थे, न कि सेना के जवानों पर कोई टिप्पणी की थी। गलवान घाटी की घटना का उल्लेख करते हुए नेगी ने कहा कि वहां बिहार रेजिमेंट के 20 जवान शहीद हुए थे। उन्होंने उस समय केंद्र सरकार की प्रतिक्रिया और गोली चलाने के आदेश नहीं देने को लेकर भी सवाल उठाए। वहीं, कारगिल युद्ध के दौरान ताबूतों और स्नो बूट्स की खरीद में कथित भ्रष्टाचार का मामला उठाते हुए कहा कि उनका मकसद रक्षा सौदों में अनियमितताओं पर सवाल करना था।

भाजपा की माफी की मांग पर नेगी ने कहा कि उन्होंने न किसी का अपमान किया है और न कोई अपराध किया है। संविधान प्रत्येक विधायक को सदन में बिना डर अपनी बात रखने का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि जब तक वह विधानसभा के सदस्य हैं, सदन के भीतर और बाहर बेबाकी से अपनी बात रखते रहेंगे।

नेगी ने दोहराया कि वह भारतीय सेना के जवानों के बलिदान का सम्मान करते हैं और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने भाजपा पर अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान हटाने के लिए सेना के मुद्दे को राजनीतिक रूप देने का आरोप लगाया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story