इंजीनियरिंग कॉलेज नगरोटा बगवां में तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 27 अगस्त (हि.स.)। राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (आरजीजीईसी), नगरोटा बगवां में 25 से 27 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। तीन दिन तक चले इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय ऑफ-कैंपस तथा आरजीजीईसी के विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। कार्यशाला में एमबीए, बी.टेक ईसीई और बी.टेक ईईई के कुल 37 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

समापन अवसर पर आरजीजीईसी के निदेशक प्रो. दीपक बंसल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें ऐसी रचनात्मक एवं हैंड्स-ऑन कार्यशालाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक जीवन की चुनौतियों को समझने और उनका समाधान तलाशने के लिए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करना अति महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्टार्टअप और व्यवसाय के विभिन्न बुनियादी पहलुओं से अवगत करवाया गया। तीन दिवसीय प्रशिक्षण में उद्यमी सोच विकसित करने, समस्याओं की पहचान, गो-टू-मार्केट, स्टार्टअप ऑप्रेशंस, टीम बिल्डिंग और प्रभावी पिचिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। हैंड्स-ऑन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक एवं व्यावसायिक रूप देने के लिए भी प्रोत्साहित भी किया गया।

प्रो. दीपक बंसल ने कहा कि इन नवोन्मेषी विचारों को भविष्य में रूरल इनक्यूबेशन सेंटर्स और अन्य स्टार्टअप इकोसिस्टम से जोड़ा जाएगा ताकि छात्रों को सही मार्गदर्शन और विकास के उचित अवसर मिल सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story