राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण में गुणवत्ता का रखा जाए विशेष ध्यान : उपायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
राजीव गांधी मॉडल डे बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण में गुणवत्ता का रखा जाए विशेष ध्यान : उपायुक्त


धर्मशाला, 02 सितंबर (हि.स.)। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बुधवार को लोक निर्माण एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजीव गांधी माॅडल डे बोर्डिंग स्कूलों के निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में कांगड़ा जिले में राजीव गांधी राजकीय माॅडल डे बोर्डिंग स्कूल योजना के तहत कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में नए माॅडल डे बोर्डिंग स्कूलों के भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि पांच मौजूदा स्कूलों को माॅडल डे बोर्डिंग स्कूल के रूप में उन्नत करने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

उपायुक्त ने कहा कि इन स्कूलों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पेयजल, विद्युत, शौचालय, फायर फाइटिंग सहित अन्य सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने जवाली विधानसभा क्षेत्र के थांगर, ज्वालामुखी के लाहड़ू, पालमपुर के कमलेहड़, नगरोटा बगवां के रन्हूं, फतेहपुर के मंझार तथा जयसिंहपुर के सोलवनेहर में निर्माणाधीन छह नए राजीव गांधी माॅडल डे बोर्डिंग स्कूलों के भवनों के बारे विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होेंने राजीव गांधी माॅडल डे बोर्डिंग स्कूलों के उन्नयन के तहत जिले के पांच मौजूदा जसवां-प्रागपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटला बेहड़, शाहपुर के रैत, इंदौरा, देहरा तथा धर्मशाला स्कूलों बारे भी विस्तार से चर्चा की।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story