पठानकोट-जोगिन्दरनगर रेल लाइन पर बंद पड़ी रेल सेवा को बहाल करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
पठानकोट-जोगिन्दरनगर रेल लाइन पर बंद पड़ी रेल सेवा को बहाल करने की मांग


धर्मशाला, 21 जून (हि.स.)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेल सेवा के एक बार फिर बंद हो जाने से लोगों में खासा रोष है। इसी के मद्देनजर कांगड़ा रेल संघर्ष समिति द्वारा रविवार को ज्वालामुखी रेलवे स्टेशन पर स्टेशन मास्टर के माध्यम से उत्तर रेलवे प्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर पठानकोट–पपरोला रेल मार्ग पर बंद की गई सभी 7 रेलगाड़ियों को तत्काल बहाल करने की मांग उठाई गई। हैरानी की बात है कि कुछ दिन पहले बड़े-बड़े नेताओं ने हरी झंडी दिखाकर रेलगाड़ियों को चलाने का श्रेय लेने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही दिनों बाद इनमें से अधिकांश रेलगाड़ियां बंद कर दी गईं। आखिर क्षेत्र की जनता के साथ यह मजाक कब तक चलेगा?

पठानकोट–पपरोला रेल मार्ग लाखों लोगों की जीवनरेखा है। विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यापारी, किसान और आम यात्री रोजाना इस रेल सेवा पर निर्भर हैं। इसलिए क्षेत्र की जनता की मांग है कि सभी 7 रेलगाड़ियों को बिना किसी देरी के पुनः शुरू किया जाए। अब देखना यह है कि उत्तर रेलवे और सरकार जनता की इस जायज मांग को कब तक पूरा करती है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही इस ट्रैक पर रेल सेवा को सांसद अनुराग ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। लेकिन अब इस ट्रैक पर फिर से रेल सेवा बंद हो गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story