अखिल भारतीय थलाईवा लीग अभियान में धर्मशाला डाक मंडल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
अखिल भारतीय थलाईवा लीग अभियान में धर्मशाला डाक मंडल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन


धर्मशाला, 26 फ़रवरी (हि.स.)। भारतीय डाक विभाग आईपीपीबी बैंक द्वारा मर्चेंट क्यूआर कार्ड लगाने एवं उन्हें सक्रिय कराने को लेकर एक नवम्बर 2024 से 31 मार्च 2025 तक चलाए गए अखिल भारतीय थलाईवा लीग अभियान में धर्मशाला डाक मंडल द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश परिमंडल में अपना परचम लहराया है। इस प्रतियोगिता के तहत हिमाचल प्रदेश डाक परिमंडल के घोषित कुल 3 मुख्य पुरस्कारों में से 2 एलईडी टीवी अकेले धर्मशाला डाक मंडल ने अपने नाम किए हैं।

अधीक्षक डाकघर धर्मशाला मंडल रविंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान धर्मशाला मंडल के कर्मचारियों ने अथक प्रयास करते हुए रिकॉर्ड संख्या में व्यापारियों के पास मर्चेंट क्यूआर कार्ड स्थापित किए। केवल कार्ड इंस्टॉल करना ही नहीं, बल्कि उन्हें सक्रिय बनाने में भी धर्मशाला मंडल पूरे परिमंडल में अव्वल रहा।

इस अवसर पर मंडलीय कार्यालय धर्मशाला में वीरवार को पुरस्कार वितरण कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया जिसमें रविंदर कुमार शर्मा अधीक्षक डाकघर धर्मशाला मंडल ने विजय कुमार विपणन कार्यकारी मंडलीय कार्यालय धर्मशाला को पुरस्कार प्रदान किया।

इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रविंद्र कुमार शर्मा अधीक्षक डाकघर ने कहा कि यह जीत हमारे फील्ड स्टाफ और डाककर्मियों की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। हमारा लक्ष्य डिजिटल इंडिया अभियान को ग्रामीण स्तर तक पंहुचाना है। व्यापारियों को डिजिटल भुगतान से जोड़कर हमने न केवल प्रतियोगिता जीती है, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को आधुनिक बनाने में भी योगदान दिया है।

इस अवसर पर अभिषेक प्रबंधक आईपीपीबी बैंक धर्मशाला शाखा, गगन सहायक अधीक्षक पर्यटन और अश्वनी पठानिया निरीक्षक डाकघर भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story