पौंग बांध विस्थापितों ने सम्मान समारोह में विधायक का जताया आभार

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 07 अप्रैल (हि.स.)। कांगड़ा जिला के देहरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत हरिपुर की झकलेहड़ पंचायत में मंगलवार को पौंग बांध विस्थापित परिवारों द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक कमलेश ठाकुर का विस्थापितों ने गर्मजोशी से स्वागत एवं सम्मानित किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि विधायक द्वारा विस्थापितों के लंबे समय से लंबित मुद्दों को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष उठाया गया, जिसके परिणामस्वरूप 89 विस्थापित परिवारों को भूमि आवंटन प्रमाण पत्र (पट्टे) प्राप्त हुए हैं। इसे विस्थापितों के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया गया।

विधायक कमलेश ठाकुर ने इस सम्मान को विस्थापित परिवारों के संघर्ष और धैर्य का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि विस्थापितों के मुद्दों का समाधान उनकी प्राथमिकता है और भविष्य में भी वे इनके स्थायी समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि शेष लंबित मामलों का भी शीघ्र निपटारा किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि 40 पट्टों की फाइलें तैयार हो चुकी हैं और जल्द ही स्वीकृति के बाद उनका वितरण किया जाएगा।उन्होंने यह भी बताया कि कुछ मामलों में तकनीकी कारणों से देरी हुई है, जिन्हें भी सरकार द्वारा प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र हल किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि हरिपुर अस्पताल में शीघ्र ही एंबुलेंस सेवा शुरू की जाएगी तथा हरिपुर कॉलेज को बंद न करने का मुद्दा विधानसभा में प्रमुखता से उठाया गया है। इसके अतिरिक्त हरिपुर से दोसड़का होते हुए भटोली फकोरियां मार्ग के निर्माण के लिए 30 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।

इससे पूर्व विधायक ने क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर लगभग 62 लाख रुपये की लागत से खैरियां व बौंगता पंचायत में वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार एवं सुदृढ़ीकरण कार्यों के तहत तीन संपर्क सड़कों का भूमि पूजन किया।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करना प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story