28 जून को कांगड़ा में 1.01 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा : एडीसी

WhatsApp Channel Join Now
28 जून को कांगड़ा में 1.01 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा : एडीसी


धर्मशाला, 10 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय प्लस पोलियो अभियान को लेकर एडीसी कांगड़ा विनय कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान (एनआईडी-आईपीपीआई) की तैयारियों और ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

एडीसी ने बताया गया कि आगामी 28 जून को जिले भर में बूथ स्तर पर पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा, जबकि 29 और 30 जून को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। अभियान के दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 1,01,366 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1069 बूथ, 21 ट्रांजिट प्वाइंट, 190 हाई रिस्क स्थलों पर 2138 टीमें, 4276 वैक्सीनेटर तथा 212 पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डाॅ. विवेक करोल ने बताया कि भारत वर्ष 2014 से पोलियो मुक्त है, लेकिन पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में बच्चों को नियमित टीकाकरण के साथ-साथ राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान पोलियो की अतिरिक्त खुराक देना आवश्यक है ताकि देश की पोलियो मुक्त स्थिति बरकरार रखी जा सके।

एचपीवी वैक्सीन की रोकथाम के लिए लगेगा टीका

उन्होंने बताया कि भारत में सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में दूसरा सबसे अधिक पाया जाने वाला कैंसर है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 74 कोल्ड चेन प्वाइंट्स के माध्यम से टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष आयु वर्ग की 8,453 पात्र बालिकाओं को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और अब तक जिले में 2,249 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका हैै। उन्होंने सभी स्कूलों से एचपीवी टीकाकरण से सम्बन्धित डाॅटा गूगल शीट के माध्यम अपडेट करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story