पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत कूरियर सर्विस और गोदामों की चेकिंग हेतु चला विशेष अभियान
धर्मशाला, 04 जुलाई (हि.स.)। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों में शनिवार को कूरियर सर्विस प्रदाताओं के कार्यालयों, गोदामों और पार्सल डिलीवरी नेटवर्क की सघन और व्यापक चेकिंग के लिए एक विशेष राज्य-स्तरीय अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कूरियर और पार्सल सेवाओं के माध्यम से होने वाली संभावित मादक पदार्थों की तस्करी को रोकना और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करना था।
इस मौके पर पुलिस जिला नूरपुर के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी कूरियर सेवा केंद्रों, हब और कूरियर कार्यालयों का स्थानीय पुलिस टीमों, सीआईए और स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा गहन निरीक्षण किया गया। जिन क्षेत्रों में कूरियर गोदाम उपलब्ध नहीं थे, वहां मुस्तैदी दिखाते हुए ऑन-फील्ड डिलीवरी बॉयज के पार्सल और बैगों की भी बारीकी से चेकिंग की गई।
चेकिंग के दौरान कूरियर केंद्रों के बुकिंग रजिस्टर, बुक किए गए पार्सल/कंसाइनमेंट के रिकॉर्ड, स्टोरेज एरिया (भंडारण क्षेत्र), सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, लॉगबुक, सुरक्षा प्रमाणपत्रों और ग्राहकों के केवाईसी दस्तावेजों की गहनता से जांच और सत्यापन किया गया।
सभी कूरियर प्रबंधकों, प्रभारियों और डिलीवरी स्टाफ को पुलिस द्वारा विशेष रूप से जागरूक किया गया और सख्त हिदायत दी गई कि वे अपने रिकॉर्ड पारदर्शी रखें तथा किसी भी प्रकार के संदिग्ध पार्सल या गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।
एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि पूरे पुलिस जिला नूरपुर में दिनभर चले इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान किसी भी कूरियर केंद्र, गोदाम या डिलीवरी पार्सल से कोई भी नशीला पदार्थ, प्रतिबंधित सामग्री, साइकोट्रोपिक पदार्थ या अन्य संदिग्ध वस्तु प्राप्त नहीं हुई है। सभी स्थानों पर स्थिति सामान्य पाई गई और नियमों का कोई उल्लंघन नहीं देखा गया। यह अभियान पूरी तरह सफल रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

