नूरपुर पुलिस ने उद्घोषित महिला अपराधी को लुधियाना से किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
नूरपुर पुलिस ने उद्घोषित महिला अपराधी को लुधियाना से किया गिरफ्तार


धर्मशाला, 19 जुलाई (हि.स.)। नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की पीओ सेल ने एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में उद्घोषित महिला अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने उक्त महिला राजेश कुमारी पत्नी राकेश कुमार, निवासी गांव तमोटा, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा आयु लगभग 50 वर्ष को तिब्बा, लुधियाना (पंजाब) से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार महिला में खिलाफ वर्ष 2019 और 2020 में इंदौरा पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं। उक्त महिला को न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था।

गिरफ्तारी के उपरांत नियमानुसार आरोपी का चिकित्सीय परीक्षण सिविल अस्पताल इंदौरा में करवाया गया। इसके बाद आरोपी महिला को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु सुरक्षित रूप से थाना इंदौरा के अन्वेषणा अधिकारी के सुपुर्द कर दिया गया। आरोपी महिला को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story