सीएमओ कांगड़ा ने दिए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नियमित औचक निरीक्षण के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सीएमओ कांगड़ा ने दिए अल्ट्रासाउंड केंद्रों के नियमित औचक निरीक्षण के निर्देश


धर्मशाला, 25 अगस्त (हि.स.)। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कांगड़ा डॉ. ओमेश कुमार भारती ने जिला में चल रहे अल्ट्रासाउंड केंद्रों सहित क्लीनिक के नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को धर्मशाला में आयोजित गर्भधारण पूर्व एवं प्रसव पूर्व निदान तकनीक (पीसी एंड पीएनडीटी) अधिनियम, 1994 के तहत गठित जिला सलाहकार समिति व जिला उपयुक्त प्राधिकरण की बैठक में उन्होंने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों को संबोधित करते हुए यह निर्देश दिए। इस मौके पर जिला के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों से प्राप्त 16 आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें से 12 मामलों को मौके पर ही अनुमोदन कर दिया गया, जबकि अन्य को औपचारिक्ताएं पूर्ण करने के निर्देश दिये।

सीएमओ डॉ. ओमेश भारती ने कहा कि खंड चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में स्थापित क्लीनिक व अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित औचक निरीक्षण करें। विशेष रूप से राज्य की सीमा से सटे क्षेत्रों में संचालित केंद्रों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने और इसकी रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।

डॉ. भारती ने सभी संबंधित केंद्रों में ‘यहां भ्रूण की लिंग जांच नहीं होती’ संबंधी बोर्ड साफ दिखाई देने वाली जगह पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पीसी एंड पीएनडीटी एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक में जिला अटॉर्नी एनएस चौहान, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सूद, डॉ. मनीषा, एसएमओ डॉ. सुनील भट्ट, गैर सरकारी सदस्य सुनीता, नीलम कुमारी व इंदू कुमारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story