कांगड़ा के सुलह में पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
धर्मशाला, 19 अगस्त (हि.स.)। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास एवं सुविधा कार्यालय, सोलन द्वारा कांगड़ा जिले के सुलह में बुधवार को पीएम विश्वकर्मा लाभार्थियों के लिए ब्रांडिंग और मार्केटिंग विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों की क्षमता निर्माण, बाजार तक पहुंच बढ़ाने तथा डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम में मुख्य तकनीकी सत्र एवं योजनाओं की जानकारी दी गई। अभिषेक कुमार राय, सहायक निदेशक ग्रेड-1, ने एमएसएमई मंत्रालय की प्रमुख योजनाओं जैसे विपणन सहायता योजना, बौद्धिक संपदा अधिकार, मुद्रा, पीएमईजीपी, सीजीटीएमएसई, व्यापार मेले तथा बारकोड प्रमाणीकरण पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने लाभार्थियों को इन सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने उद्यमों को मजबूत और टिकाऊ बनाने के लिए प्रेरित किया।
उद्योग विभाग, हिमाचल प्रदेश की राज्य स्तरीय परियोजना प्रबंधन इकाई की टीम से नताशा कटोच एवं अभय कुमार ने आधुनिक पैकेजिंग, ब्रांडिंग तकनीकों तथा व्यवसाय को सरल बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) टूल्स के प्रयोग पर तकनीकी सत्र प्रस्तुत किए।
वहीं लीड जिला प्रबंधक पृथ्वी राज ने ऋण आवेदनों के लंबित मामलों, बैंकों से ऋण प्राप्ति की प्रक्रिया, वित्तीय साक्षरता तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लाभार्थियों को जागरूक किया। इसके अलावा हरि दत्त शर्मा जिला समन्वयक, कांगड़ा ने कारीगरों का मार्गदर्शन किया और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

