मेघना पुरी की राखी पर प्रधानमंत्री मोदी का आया जवाब, विकसित भारत में आपका योगदान अहम

WhatsApp Channel Join Now
मेघना पुरी की राखी पर प्रधानमंत्री मोदी का आया जवाब, विकसित भारत में आपका योगदान अहम


मेघना पुरी की राखी पर प्रधानमंत्री मोदी का आया जवाब, विकसित भारत में आपका योगदान अहम


धर्मशाला, 14 सितंबर (हि.स.)। रक्षाबंधन के अवसर पर धर्मशाला की मेघना पुरी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजी गई राखी और शुभकामनाओं का जवाब प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से पत्र भेजकर दिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेघना पुरी को संबोधित पत्र में राखी और शुभकामनाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त करते हुए भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीयता के इस पर्व को जीवन में सुख, शांति और खुशियां लाने वाला बताया है। धर्मशाला निवासी मेघना पुरी, पत्नी अधिवक्ता विश्व चक्षु ने प्रधानमंत्री को रक्षाबंधन पर राखी भेजी थी। प्रधानमंत्री की ओर से भेजे गए पत्र में विशेष रूप से देश के विकास में महिलाओं की भूमिका और भागीदारी का उल्लेख किया गया है।

पत्र में प्रधानमंत्री ने कहा है कि भारत की विकास यात्रा में महिलाओं की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। देश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्यमिता, खेल और नवाचार सहित हर क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बना रही हैं। प्रधानमंत्री ने पत्र में कहा है कि विकसित भारत के निर्माण के लिए उत्पादन, कृषि, तकनीक एवं नवाचार, गतिशक्ति, रक्षा, हरित-नीली अर्थव्यवस्था और सांस्कृतिक शक्ति को विकास की नई ऊर्जा से जोड़ने का प्रयास हो रहा है। इस यात्रा में नारी शक्ति की भागीदारी भारत को और अधिक सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण होगी। प्रधानमंत्री ने मेघना पुरी को विश्वास दिलाया कि उनके प्रयास और योगदान बदलते भारत की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उधर मेघना पुरी ने कहा कि रक्षाबंधन के प्रतीक में देश के प्रधानमंत्री मेरी राखी के संबंध में जब अपना शुभ आशीष देते हैं तो मेरे लिए यह एक वरदान बन जाता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story