19 नवंबर को विधानसभा का घेराव करेंगे पेंशनर, धर्मशाला में दूसरे दिन भी रहा जारी रहा धरना

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 13 नवंबर (हि.स.)।

हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले पेंशनरों का अपनी मांगों को लेकर शुरू किया गया धरना शनिवार को दूसरे दिन भी धर्मशाला में जारी रहा। जिला संयोजक रविंद्र राणा की अध्यक्षता में आयोजित धरने में समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसमें विभिन्न विभागों के 100 से अधिक पेंशनरों ने भाग लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से घोषित पांच प्रतिशत महंगाई राहत पेंशनरों के साथ मजाक है। सरकार ने अभी तक महंगाई राहत की बकाया किस्तों का भुगतान नहीं किया है। उन्होंने छठे वेतन आयोग के लंबित एरियर सहित महंगाई राहत की शेष 13 प्रतिशत किस्तों का शीघ्र भुगतान करने की मांग उठाई।

समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगें नहीं मानीं और वार्ता के लिए आमंत्रित नहीं किया तो 19 नवंबर को शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर के विभिन्न जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों से 10 से 15 हजार पेंशनरों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक में आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

वक्ताओं ने कहा कि प्रदेशभर में जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा और आगामी वर्ष होने वाले चुनाव तक पेंशनरों का संघर्ष जारी रखा जाएगा। धरने में हिमाचल पथ परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया।

उन्होंने कहा कि निगम के पेंशनरों को पिछली तीन प्रतिशत और हाल ही में घोषित पांच प्रतिशत महंगाई राहत का भुगतान नहीं हुआ है, जबकि सेवारत कर्मचारियों को इसका लाभ मिल चुका है। समिति ने कुल आठ प्रतिशत महंगाई राहत जारी करने के साथ करीब 50 हजार रुपये की लंबित देनदारी का भुगतान करने की मांग की। इसके अलावा कारपोरेट सेक्टर से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन का मुद्दा भी उठाया गया। इस मौके पर जिला कांगड़ा अध्यक्ष रविंद्र राणा सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पेंशनर मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story