मेडिकल बिलों का भुगतान नही होने से पेंशनर्स में रोष

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 01 अप्रैल (हि.स.)।

जिला कांगड़ा पेंशन संघ ने पेंशनर्स के मेडिकल बिल का भुगतान नही किए जाने पर रोष प्रकट किया है। संघ के प्रधान कृष्ण स्वरूप शर्मा ने बुधवार को जारी एक प्रेस बयान में कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार से अभी तक मेडिकल बिलों का भुगतान नहीं हो रहा है, जबकि मुख्यमंत्री ने 17 दिसंबर 2025 को पेंशन डे वाले दिन घुमारवीं से घोषणा की थी कि पेंशनर्स के मेडिकल बिलों का भुगतान 40 दिनों के अन्दर कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभी तक ऐसा नहीं हुआ है, जो पेंशनर्स गम्भीर बिमारियों से ग्रस्त हैं तथा उन्होंने अपने लाखों रुपयों के बिल दिये हुए हैं उनकी उनको अभी तक अदायगी नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि अभी तक बहुत से पेंशनर्स फिक्स तथा ओपन मेडिकल से वंचित है, क्योंकि पेंशनर्स द्वारा बार-बार मेडिकल आप्शन की मांग करने पर सरकार ने अभी तक मेडिकल ओप्शन का पत्र जारी नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि पेंशनर्स के लिए जेसीसी का गठन किया जाए ताकि जेसीसी की बैठक के समय पेंशनर्स की मांगों पर विचार करके उन पर सहमति बनाई जा सके। प्रधान ने आगे बताया कि कई पेंशनर्स के पास पीपीओ बुकें नही हैं तथा ढूंढने पर भी विभाग में नहीं मिलती। संघ ने सरकार से मांग की है कि विभाग को निर्देश जारी करें कि जब भी ऐसे पेंशनर पीपीओ बुक की मांग करें उनको पीपीओ बुक का इंडैक्स जारी कर दिया जाए ताकि उनके पास अपना पेंशन का रिकॉर्ड हो।

उन्होंने सरकार से मांग की है कि जैसे जो चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत हुए हैं उनको सरकार ने उनका बनता बकाया देने की घोषणा की है बाकी जो पेंशनर्स जनवरी 2016 से जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत हुए हैं उनका बकाया भी चरणबद्ध दिया जाए क्योंकि ये पैसे के बगैर तंगी झेल रहे हैं। प्रधान जिला कांगड़ा पेंशन संघ के सभी पेंशनर्स से अपील की है कि वे जब भी अपने अपने बैंकों से पेंशन लेने जाएं अपने अपने खातों में एंट्री करवा लें यदि कोई बैंक मनाही करता है तो संघ के ध्यान में लाया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story