पंचायत चुनाव 2026 : धर्मशाला विकास खंड से 69 पोलिंग पार्टियां रवाना, 276 कर्मयोगी संभालेंगे लोकतंत्र की जिम्मेदारी

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 24 मई (हि.स.)। पंचायत चुनाव 2026 को लेकर विकास खंड धर्मशाला में तैयारियां तेज हो गई हैं। 26 मई को होने वाले पहले चरण के चुनाव के लिए रविवार को विकास खंड कार्यालय से 69 पोलिंग पार्टियों को उनके निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए सफलतापूर्वक रवाना किया गया। इन पोलिंग पार्टियों में कुल 276 चुनाव कर्मी शामिल हैं, जिनमें प्रत्येक पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी और 3 मतदान अधिकारियों की तैनाती की गई है। चुनाव ड्यूटी पर तैनात ये कर्मयोगी अब धौलाधार की वादियों से लेकर दूरदराज के ग्रामीण इलाकों तक लोकतंत्र की जिम्मेदारी निभाएंगे।

विकास खंड अधिकारी धर्मशाला अभिनीत कात्यान ने बताया कि विकास खंड के सभी मतदान केंद्रों तक चुनाव सामग्री और कर्मचारियों को सुरक्षित तरीके से पहुंचाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। बल्ला जदरांगल से लेकर गगल और रक्कड़ से सुक्कड़ तक हर बूथ पर मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

पंचायत चुनाव के तहत 26, 28 और 30 मई को मतदान होना है। चुनाव ड्यूटी पर रवाना होने से पहले अधिकारियों ने सभी मतदान कर्मियों को निष्पक्षता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने का संदेश दिया।

प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण माहौल में मतदान प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न होगी तथा ग्रामीण लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदाता बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story