कांगड़ा जिला में आखिरी चरण में कम रहा मतदाताओं का रुझान, हुआ 70 फीसदी मतदान

WhatsApp Channel Join Now
कांगड़ा जिला में आखिरी चरण में कम रहा मतदाताओं का रुझान, हुआ 70 फीसदी मतदान


कांगड़ा जिला में आखिरी चरण में कम रहा मतदाताओं का रुझान, हुआ 70 फीसदी मतदान


धर्मशाला, 30 मई (हि.स.)। जिला कांगड़ा में पंचायती राज चुनावों के तीसरे और आखिरी चरण की मतदान प्रक्रिया में शनिवार को 18 ब्लॉकों की 277 पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। जिला में इस बार 70 फीसदी मतदान हुआ जोकि पिछले दोनों चरणों के मुकाबले कम रहा है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ जोकि दोपहर बाद तीन बजे तक चला। हालांकि कई जगह मतदाता अधिक होने के कारण तीन बजे तक मतदान केंद्रों में एंट्री कर चुके मतदाताओं का चार बजे तक भी मतदान करवाया गया। इसी बीच जिला में तीसरे और आखिरी चरण में 277 पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान हुआ। वहीं इस मतदान में भी एक बार फिर महिला मतदाताओं ने उत्साह दिखाते हुए पुरुषों के मुकाबले अधिक मतदान किया है।

जिला में अगर सबसे अधिक मतदान की बात करें तो बड़ोह ब्लॉक में सबसे अधिक 81 फीसदी मतदान हुआ जबकि सबसे कम मतदान पंचरुखी ब्लॉक में दर्ज किया गया जहां 61 प्रतिशत मतदान हुआ।

उधर महिला मतदाता इस बार भी मतदान में पुरुषों से आगे रही। महिला मतदान की बात करें तो 74 प्रतिशत महिलाओं ने अपने मत का प्रयोग किया जबकि पुरुषों की 65 प्रतिशत भागीदारी रही। जिला में 277 पंचायतों में हुए आखिरी चरण के मतदान के लिए 1525 मतदान केंद्र बनाए गए थे जिनमें सबसे अधिक रैत ब्लॉक में 119 और सबसे कम बडोह में 35 मतदान केंद्र बनाए गए थे। जिला में पहले चरण में 75 फीसदी, दूसरे चरण में 74 फीसदी के करीब चुनाव हुआ था जोकि इस बार कम रहा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी हेम राज बैरवा ने बताया कि जिला में आखिरी चरण का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गया है। उन्होंने बताया कि आज ही प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के परिणाम घोषित किये जा रहे हैं जबकि जिला परिषद और बीडीसी के परिणाम कल 31 मई को घोषित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story