पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन भी पिलाई गई ड्रॉप्स, किया गया टीकाकरण
धर्मशाला, 29 जून (हि.स.)। सघन पल्स पोलियो प्रतिरक्षण कार्यक्रम के द्वितीय दिवस पर जिला कांगड़ा में घर-घर जाकर पोलियो टीकाकरण अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया गया। अभियान के दौरान 1,90,837 घरों का भ्रमण किया गया तथा 2,190 बच्चों को घर-घर जाकर और 347 बच्चों को घरों के बाहर पोलियो की खुराक पिलाई गई। इसके अतिरिक्त 223 बच्चों को ट्रांजिट प्वाइंट, मेला एवं बाजार क्षेत्रों तथा 360 बच्चों को उच्च जोखिम क्षेत्रों में पोलियो की खुराक दी गई। अभियान के अंतर्गत 5,153 घरों का पर्यवेक्षकों द्वारा सत्यापन भी किया गया ताकि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। द्वितीय दिवस में कुल 3,209 बच्चों का टीकाकरण किया गया तथा इसके लिए 288 ओपीवी वायल उपयोग में लाई गईं। स्वास्थ्य विभाग की सभी टीमें प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं, ताकि जिले में शत-प्रतिशत पोलियो टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

