10वीं एवं 12वीं की सप्लीमेंट्री एवं इम्प्रूवमेंट परीक्षाओं हेतु ऑनलाइन आवेदन एक जून तक
धर्मशाला, 25 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला द्वारा जून/जुलाई-2026 में आयोजित होने वाली कक्षा 10वीं एवं 12वीं की सप्लीमेंट्री, कंपार्टमेंट तथा इम्प्रूवमेंट परीक्षाओं हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। कक्षा 10वीं के कंपार्टमेंट, आवश्यक सुधार, वैकल्पिक सुधार एवं अतिरिक्त विषय श्रेणी के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। इसी प्रकार जमा दो स्तर पर कंपार्टमेंट, अंग्रेजी विषय, प्रदर्शन सुधार, डिप्लोमा धारक पुनः परीक्षार्थी तथा अतिरिक्त विषय श्रेणी के अभ्यर्थी भी आवेदन के पात्र होंगे।
बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी संबंधित विद्यालयों एवं संस्थानों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क आवेदन करने की अंतिम तिथि एक जून 2026 निर्धारित की गई है, जबकि 1000 विलंब शुल्क सहित आवेदन 5 जून 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मैट्रिक परीक्षा में “आवश्यक सुधार” श्रेणी के अंतर्गत वे विद्यार्थी पात्र होंगे जिन्होंने पांच अनिवार्य विषयों में से कम से कम तीन विषय उत्तीर्ण किए हैं। ऐसे विद्यार्थी अधिकतम दो अनुत्तीर्ण विषयों की परीक्षा दे सकेंगे तथा पूर्व में उत्तीर्ण एक विषय में सुधार परीक्षा देने के लिए भी पात्र होंगे।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि “वैकल्पिक सुधार” श्रेणी के अंतर्गत वे विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे जिन्होंने सभी अनिवार्य विषय उत्तीर्ण कर लिए हैं और अपने अंकों में सुधार करना चाहते हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को अधिकतम तीन विषयों में सुधार परीक्षा देने की अनुमति होगी।
उन्होंने आगे बताया कि “कंपार्टमेंट” श्रेणी के विद्यार्थी बोर्ड के वर्तमान नियमों के अनुसार परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे। वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर प्रदर्शन सुधार हेतु वे अभ्यर्थी पात्र होंगे जिन्होंने जमा दो परीक्षा उत्तीर्ण कर ली है और एक अथवा अधिक विषयों में अंक सुधार करना चाहते हैं।
डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि सभी आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे तथा अपूर्ण आवेदन पत्र अथवा अन्य माध्यम से प्राप्त आवेदन अस्वीकार कर दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जून/जुलाई-2026 परीक्षा में किसी भी नए अभ्यर्थी को बैठने की अनुमति नहीं होगी। मुख्य परीक्षा में प्राप्त आंतरिक मूल्यांकन एवं प्रायोगिक अंक नियमानुसार आगे भी मान्य रहेंगे तथा अंतिम परिणाम तैयार करते समय दोनों परीक्षाओं में प्राप्त बेहतर अंक/परिणाम को मान्यता दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

