एनएसयूआई ने प्रदेश में छात्र संघ चुनाव बहाली की उठाई मांग

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 02 नवंबर (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के नवनिर्वाचित प्रदेश उपाध्यक्ष वीर सिंह ने प्रदेश में छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं। छात्र राजनीति से निकले कई नेता आज विधानसभा में अपनी बात रख रहे हैं। ऐसे में प्रदेश में छात्र संघ चुनावों की बहाली जरूरी है।

सोमवार क़ो धर्मशाला में प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने संगठन की ओर से उन्हें चुनाव लड़ने का अवसर देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई की नई कार्यकारिणी में चुनाव के माध्यम से आम परिवारों के युवाओं को आगे आने का मौका मिला है। इससे युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और भविष्य में इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। उन्होंने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से छात्र राजनीति में सक्रिय हैं और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे।

वीर सिंह ने कहा कि एनएसयूआई इस मांग को मीडिया, बैठकों और सोशल मीडिया के माध्यम से जोरदार तरीके से उठाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार छात्र संघ चुनाव बहाली पर विचार कर रही होगी। केंद्रीय विश्वविद्यालय में एनएसयूआई की कमजोर स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार की प्रक्रिया लगातार जारी रहती है। जहां संगठन पीछे है, उसे स्वीकार करते हुए मजबूती के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771321 Articles

Share this story