33वीं उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक 20 दिसंबर को धर्मशाला में, केंद्रीय गृह मंत्री करेंगे अध्यक्षता
धर्मशाला, 26 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 33वीं उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक 20 दिसंबर को धर्मशाला में प्रस्तावित है। इसमें आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। मीटिंग में नशा तस्करी, अंतरराज्यीय सीमा विवाद और आंतरिक सुरक्षा पर चर्चा होगी।
बैठक एचपीसीए के इंडोर प्रैक्टिस हॉल में प्रस्तावित है। इसमें संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उप-राज्यपाल और प्रशासक शामिल होंगे। केंद्र और राज्य सरकारों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
हिमाचल प्रदेश के पंजाब और जम्मू-कश्मीर से सटे कांगड़ा समेत सीमावर्ती जिलों में नशा तस्करी, संगठित अपराध और अंतरराज्यीय आपराधिक नेटवर्क चुनौती बने हुए हैं। बैठक में नशे की सप्लाई चेन तोड़ने, तस्करों की संपत्तियों पर कार्रवाई और खुफिया सूचनाएं साझा करने पर चर्चा की सम्भावना है। इसके अलावा राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर तालमेल, सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा और अपराधियों की आवाजाही पर निगरानी भी चर्चा के विषय हो सकते हैं।
उत्तर क्षेत्रीय परिषद में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और चंडीगढ़ शामिल हैं। बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, राज्यों के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक समेत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी भाग लेंगे।
उपायुक्त हेमराज बैरवा के अनुसार 20 दिसंबर को धर्मशाला में उत्तर क्षेत्रीय परिषद की बैठक प्रस्तावित है। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

