शिमला जिले के विभाजन के पक्ष में नहीं विक्रमादित्य सिंह

WhatsApp Channel Join Now
शिमला जिले के विभाजन के पक्ष में नहीं विक्रमादित्य सिंह


धर्मशाला, 18 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर कांग्रेस पार्टी के भीतर ही विरोध के स्वर उठने लगे हैं। नगरोटा से विधायक आरएस बाली के बाद अब लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी नए जिले बनाने पर अपनी असहमति जताई है। उन्होंने शिमला जिले के विभाजन का विरोध किया है।

बुधवार को मीडिया से बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिमला जिला एक था, एक है और एक ही रहेगा। उनका मानना है कि जिले का विभाजन करने के बजाय जरूरत के अनुसार नए सब-डिवीजन और प्रशासनिक कार्यालय खोले जाने चाहिए। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नए जिलों के गठन को लेकर सरकार ने आयोग बनाया है। आयोग भौगोलिक परिस्थितियों, सड़क संपर्क और प्रशासनिक जरूरतों का अध्ययन कर रिपोर्ट देगा। इसके बाद ही सरकार कोई फैसला लेगी।

उन्होंने कहा कि 20 साल पहले और आज की परिस्थितियों में काफी बदलाव आया है। सड़क नेटवर्क और कनेक्टिविटी बेहतर हुई है, इसलिए नए जिलों की जरूरत का आकलन राजनीतिक नहीं, बल्कि प्रशासनिक दृष्टिकोण से होना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779174 Articles

Share this story