नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस छेड़ेगी जन जागरूकता अभियान : अनुराग शर्मा
धर्मशाला, 24 जून (हि.स.)। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस अब देशभर में बड़ा जन जागरूकता अभियान शुरू करने जा रही है। राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अनुराग शर्मा और कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल रायजादा ने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले इस मामले में केंद्र सरकार जवाबदेही से नहीं बच सकती।
बुधवार को धर्मशाला में एक संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नीट परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक ने देश की परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों परिवार अपने बच्चों की शिक्षा और भविष्य को लेकर चिंतित हैं, लेकिन केंद्र सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता दिखाने के बजाय मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह विफल रही है।
अनुराग शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को गांव-गांव और शहर-शहर तक ले जाएगी ताकि छात्रों और अभिभावकों की आवाज को मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान नेताओं ने हिमाचल प्रदेश के वित्तीय हितों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

