कांगड़ा जिला में 12 केंद्रों पर होगी नीट परीक्षा, चार हजार से अधिक छात्र लेंगे भाग

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 29 अप्रैल (हि.स.)। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) की तीन मई को होने वाली परीक्षा के लिए कांगड़ा जिला में 12 केंद्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा में चार हजार के करीब छात्र भाग लेंगे। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने बुधवार को परीक्षा के सफल आयोजन के लिए रखी गई बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। इस अवसर पर केंद्र प्रभारियों को परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए जरूरी टिप्स भी दिए गए।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों से परीक्षाओं के संचालन का काम पूरी गंभीरता से करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों से परीक्षा केंद्रों में विद्युत, पेयजल तथा बैठने की उचित व्यवस्था समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी पुलिस कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी।

अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि नीट की परीक्षा दोपहर दो बजे से सांय पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थी 11 बजे से 1ः30 बजे तक परीक्षा हाॅल में प्रवेश कर सकते हैं जबकि परीक्षा से पहले 1ः40 बजे परीक्षा हाॅल का गेट बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने सभी परीक्षार्थिंयों से अपील की कि समय से परीक्षा केन्द्र पहुंच जाएं ताकि एंट्री गेट पर किसी तरह की भीड़ न लगे।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे तथा जैमर लगाना भी सुनिश्चित किया जाएगा और परीक्षा केंद्र की सभी व्यवस्थाओं के साथ-साथ समस्त परीक्षार्थियों की वीडियो रिकाॅर्डिंग भी की जाएगी।

कांगड़ा जिला के इन केंद्रों पर होगी परीक्षा

नीट परीक्षा के लिए जिला में 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों में हिमाचल प्रदेश क्षेत्रीय केंद्र मोहली खानियारा, राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगबां केंद्र दो ग्राउंड फ्लोर, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला सेंटर दो ओल्ड ब्लाक, राजकीय महाविद्यालय नगरोटा बगबां केंद्र-एक दूसरा फ्लोर, राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला आर्ट्स ब्लाक, राजीव गांधी इंजीनियरिंग कालेज नगरोटा, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पालमपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ब्वायज धर्मशाला, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गर्ल्स धर्मशाला, राज्य होटल प्रबंधन संस्थान धर्मशाला, काॅलेज आफ एग्रीकल्चर पालमपुर तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय भनाला में केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story