ज्वालामुखी में मरीन कमांडों की सड़क हादसे में मौत, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

WhatsApp Channel Join Now
ज्वालामुखी में मरीन कमांडों की सड़क हादसे में मौत, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार


धर्मशाला, 02 जून (हि.स.)। कांगड़ा जिला के जवालामुखी पुलिस थाना के तहत एक सड़क हादसे में नौसेना में तैनात एक जवान की मौत हो गई। मृतक अमित सिंह राणा (32) भारतीय नौसेना के मरीन कमांडो थे और उनकी बहादुरी के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किए जा चुके हैं। यह हादसा ज्वालामुखी क्षेत्र के खुंडिया के लाहडू में सोमवार देर रात हुआ, जब उनकी कार लगभग 500 फीट गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस जिला देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस के अनुसार अमित राणा देर रात अपने एक दोस्त से मिलकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान लाहड़ू के खतरनाक मोड़ पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा रात करीब 11 बजे हुआ।

स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब 12 बजे उन्हें खाई से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें खंडियां अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

वहीं मंगलवार को उनके पैतृक गांव में मृतक अमित राणा का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया।

ज्वालामुखी के विधायक संजय रत्न ने इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया है। अमित सिंह राणा 2 बहनों के इकलौते भाई थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और एक 4 साल का मासूम बेटा है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दुश्मनों के बीच घुसकर किया था सफाया

अमित राणा की बहादुरी की गाथा हर किसी को गर्व से भर देती है। वर्ष 2018 में जम्मू-कश्मीर में 'ऑपरेशन रक्षक' के तहत तैनाती के दौरान उन्होंने कई बड़े आतंकवाद विरोधी अभियानों में हिस्सा लिया। बेहद जोखिम भरे हालात में उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर आतंकियों के ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की। बताया जाता है कि लगातार ऑपरेशनों में उन्होंने 8 आतंकवादियों को मार गिराने में अहम भूमिका निभाई। घने जंगलों और दुर्गम इलाकों में चलाए गए इन अभियानों में उन्होंने अदम्य साहस, सूझबूझ और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। उनकी इसी वीरता के लिए वर्ष 2021 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें 'शौर्य चक्र' से सम्मानित किया। यह पूरे हिमाचल के लिए गर्व का पल था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story