व्यंग्य नाटक ‘ताजमहल का टेंडर’ के प्रभावशाली मंचन के साथ हुआ नाट्योत्सव का आगाज़

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 22 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल, नई दिल्ली एवं भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित ‘हिम रंग षष्ठी ग्रीष्मकालीन नाट्योत्सव’ के धर्मशाला संस्करण के शुभारंभ अवसर पर मंडलायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

इस अवसर पर राष्ट्रीय रंगमंडल की चर्चित प्रस्तुति ‘ताजमहल का टेंडर’ के प्रभावशाली मंचन के साथ नाट्योत्सव का आगाज़ हुआ।

अजय शुक्ल द्वारा लिखित तथा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निदेशक चित्तरंजन त्रिपाठी द्वारा संगीतबद्ध यह नाटक पिछले लगभग 28 वर्षों से देशभर के दर्शकों के बीच समान रूप से लोकप्रिय रहा है। प्रहसन (फार्स) शैली में रचित यह व्यंग्यात्मक नाटक व्यवस्था की विसंगतियों एवं मानवीय प्रवृत्तियों के कमजोर पक्षों पर तीखी, किंतु मनोरंजक टिप्पणी करता है।

नाटक की मूल कल्पना अत्यंत रोचक है। इसमें यह प्रश्न उठाया गया है कि यदि मुगल सम्राट शाहजहां आज के समय में ताजमहल जैसा स्मारक बनवाने का निर्णय लें और उन्हें आधुनिक सरकारी तंत्र, विभागीय प्रक्रियाओं तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं से गुजरना पड़े, तो उन्हें किन-किन जटिल, हास्यास्पद और विडंबनापूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। हास्य और व्यंग्य के माध्यम से नाटक नौकरशाही, लालफीताशाही तथा व्यवस्था की विभिन्न चुनौतियों को प्रभावशाली ढंग से मंच पर प्रस्तुत करता है।

सशक्त संगीत, जीवंत रंगभाषा और कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। दशकों पुरानी यह प्रस्तुति आज भी उतनी ही प्रासंगिक प्रतीत होती है और दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ गंभीर चिंतन के लिए भी प्रेरित करती है।

मंगलवार को होगा 'बाबूजी' का मंचन

इस दो दिवसीय नाट्योत्सव के दूसरे दिन कल मंगलवार को राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल द्वारा ‘बाबूजी’ का मंचन किया जाएगा। इस नाटक का निर्देशन राजेश सिंह, प्रमुख, रंगमंडल, राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय ने किया है।

उल्लेखनीय है कि हिम रंग षष्ठी ग्रीष्मकालीन नाट्योत्सव राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय रंगमंडल के रंग षष्ठी समारोह का हिस्सा है, जो रंगमंडल की स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर रंगमंडल देश के विभिन्न भागों में अपनी चर्चित नाट्य प्रस्तुतियों का मंचन कर रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story