कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने के चक्कर में बिगाड़ रहे माहौल : अनुराग शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने के चक्कर में बिगाड़ रहे माहौल : अनुराग शर्मा


धर्मशाला, 06 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ ऑटोमेटिड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) का मुद्दा उठाया गया है और जल्द ही इस मुद्दे पर प्रदेश सरकार टैक्सी चालक और कमर्शियल वाहन चालक के हितों में फैसला लेने जा रही है। यह जानकारी सोमवार को कांगड़ा जिला में कमर्शियल वाहनों की हड़ताल के बीच एक प्रेस बयान में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि एटीएस का यह प्रोजेक्ट केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत किया गया है। प्रदेश का सबसे बड़ा जिला होने के नाते यह एटीएस फिलहाल कांगड़ा के रानीताल में लगाया गया है और इसकी स्थापना अन्य क्षेत्रों में भी की जाएगी।

अनुराग शर्मा ने कहा कि एटीएस का यह प्रोजेक्ट केंद्र से जिस प्रारूप में आया था, प्रदेश सरकार ने उसका विरोध किया था और प्रदेश सरकार के अधिकारियों ने केंद्र को चिट्ठी लिखकर यह भी कहा था कि पूरे प्रदेश में बड़ा जिला होने के नाते अगर फिलहाल एक ही एटीएस केंद्र की स्थापना की जा रही है तो जिस तरह से पूर्व में वाहनों की चेकिंग एमवीआई के द्वारा की जाती थी उसे भी यथावत रखा जाए मगर प्रदेश सरकार का यह सुझाव केंद्र सरकार ने नहीं माना।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेकर प्रदेश का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं जिसे कदापि सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टैक्सी ऑपरेटर्स और कमर्शियल वाहन मालिकों को इस बारे में सूचित भी किया गया था कि मुख्यमंत्री के असम दौरे से वापसी के बाद इस मुद्दे पर सहानुभूति पूर्वक विचार करके कुछ ना कुछ हल निकाला जाएगा मगर राजनीतिक लाभ लेने के चक्कर में कुछ लोगों ने जिला में ट्रैफिक जाम करवा दी जो कि निंदनीय है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story