सांसद डा. राजीव भारद्वाज ने धर्मशाला में भाजपा पार्षदों के लिए जुटाया जनसमर्थन

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 15 मई (हि.स.)। नगर निगम चुनाव प्रचार के अंतिम दिन लोकसभा सांसद डा. राजीव भारद्वाज ने शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी अनुपम कटोच के पक्ष में जनसमर्थन जुटाया। इस मौके पर परागपुर के विधायक बिक्रम ठाकुर व धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने भी अनुपम कटोच के पक्ष में मतदान की अपील मतदाताओं से की।

उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 16 से अनुपम कटोच जीतकर नगर निगम पहुंचती है तो वार्ड के विकास को गति देंगी। यहां पर लोगों ने जो समस्याएं गिनाई हैं उन्हें एक एक करके हल करेंगी। वार्ड के विस्तार की योजना लोगों के बीच में बैठकर ही तय करेंगी।

उन्होंने बताया कि भाजपा ने पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए 32 बिंदुओं का संकल्प पत्र जारी किया है। इस मौके पर भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मुखिया सुखविंद्र सिंह सुक्खू बोलते कुछ हैं और करते कुछ हैं। उनकी कथनी व करनी में अंतर हैं। प्रदेश में 10 गारंटियों का झूठा प्रलोभन देकर सत्ता में आई कांग्रेस अभी तक गारंटियां पूरी नहीं कर सकी है। अब सुक्खू ने कर लगाकर पेट्रोल व डीजल के दामों को बढ़ाकर महंगाई बढ़ा दी है। लेकिन प्रदेश की जनता सुक्खू सरकार के बहकावे में अब आने वाली नहीं है। इस सरकार का समय पूरा हो चुका है, अब भाजपा ही आने वाले समय में अपनी सरकार बनाएगी और प्रदेश के पिछड़े हुए विकास को गति देकर आगे बढ़ाएगी। इस लिए जनता से अपील है कि भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कर भाजपा की नगर निगम बनाएं। बैठक में विभिन्न गणमान्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story