केंद्रीय पर्यटन मंत्री से मिले सांसद अनुराग शर्मा, शिव मंदिर और पैराग्लाइडिंग स्थल के विकास को लेकर सौंपा मांगपत्र

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय पर्यटन मंत्री से मिले सांसद अनुराग शर्मा, शिव मंदिर और पैराग्लाइडिंग स्थल के विकास को लेकर सौंपा मांगपत्र


धर्मशाला, 30 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध प्राचीन श्री बैजनाथ शिव मंदिर के समग्र विकास, संरक्षण और श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की है। इस मौके पर सांसद ने शिव मंदिर के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की तथा मांगपत्र सौंपा।

सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि भगवान शिव को समर्पित श्री बैजनाथ मंदिर देश की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों में एक विशिष्ट स्थान रखता है। प्रतिवर्ष देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु एवं पर्यटक यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर के ऐतिहासिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का विकास समय की आवश्यकता है।

मांगपत्र में मंदिर उद्यान के सौंदर्यीकरण, आधुनिक सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण एवं उन्नयन, श्रद्धालुओं के लिए पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु हैंडपंप स्थापना, मंदिर की छत के संरक्षण एवं मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा हाई-मास्ट एलईडी लाइटों के माध्यम से बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।

सांसद ने यह भी आग्रह किया कि विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीड़-बिलिंग में पर्यटकों के लिए आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर पर्यटन अवसंरचना को और सुदृढ़ किया जाए, जिससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिल सके।

वहीं केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने सांसद अनुराग शर्मा को आश्वस्त किया कि बैजनाथ मंदिर एवं बीड़-बिलिंग से संबंधित प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी। सांसद की यह पहल न केवल बैजनाथ मंदिर के संरक्षण और विकास को नई दिशा देगी, बल्कि धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story