आंगनबाड़ी केंद्रों में शुरू की गई है बायोमीट्रिक प्रणाली : केंद्रीय राज्य मंत्री
धर्मशाला, 26 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय महिला और बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने बताया कि केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्रालय ने पोषण अभियान के अन्तर्गत आंगनबाड़ी केन्द्रों में अनाज वितरण के लिए फेसियल रिकग्निशन प्रणाली शुरू की है जिसके अन्तर्गत बायो मीट्रिक प्रणाली के माध्यम से चेहरे की पहचान करके ही लाभार्थी पात्रों को राशन वितरित किया जा रहा है। इस आधार आधारित ट्रैकिंग सिस्टम के माध्यम से फ़र्ज़ी और अपात्र लोगों को अनाज वितरण रोकने में मदद मिलती है और अनाज की लीकेज रोकने में मदद मिली है। उन्होंने यह जानकारी राज्य सभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी को सदन में दी।
उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2025 तक कुल 5,10,24,888 लाभार्थियों में से 3,51,97,271 लाभार्थियों ने ई-केवाईसी और फेस कैप्चर प्रक्रिया पूरी कर ली है जबकि फरवरी 2026 में कुल 4,77,88,108 लाभार्थियों में से 4,63,58,376 लाभार्थियों ने ई-केवाईसी और फेस कैप्चर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
उन्होंने बताया कि नैशनल ई गवर्नेंस डिवीज़न द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को स्टेट कोऑर्डिनेटर्स के माध्यम से इस विषय पर निरन्तर प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने बताया की पोषण भी पढ़ाई भी कार्यक्रम के अन्तर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सावित्रीबाई फुले नैशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ वीमेन एंड चाइल्ड डेवलपमेंट द्वारा राज्यों के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है जोकि सम्बन्धित राज्यों के आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 18 मार्च 2026 तक कुल 3901 राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि मिशन पोषण 2.0 के अन्तर्गत छह साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं,14 से 18 साल की किशोरियों को कवर किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

