हिमाचल में वह दिन दूर नहीं जब सरकार राहुल, प्रियंका व सोनिया सेस लगाने से भी परहेज नही करेगी : अनुराग ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में वह दिन दूर नहीं जब सरकार राहुल, प्रियंका व सोनिया सेस लगाने से भी परहेज नही करेगी : अनुराग ठाकुर


धर्मशाला, 23 अगस्त (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर ने रविवार को पूर्व कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला कांगड़ा के धर्मशाला में आयोजित जिला सम्मेलन में प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी के खटाखट पैसे देने के बयान पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी ने खटाखट पैसे देने की बात कही थी, लेकिन हिमाचल में कांग्रेस सरकार ने पूरा सिस्टम ही खटारा करके रख दिया है।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में मित्रों की मौज चल रही है, जबकि आम कर्मचारी और पेंशनर अपने हक के लिए इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की प्राथमिकताएं कर्मचारियों और पेंशनरों के बजाय अन्य लोगों को सुविधाएं देने की ओर हैं। प्रदेश पर कर्ज का बोझ भी लगातार बढ़ रहा है और करीब एक लाख दस हजार करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों का 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता और वर्ष 2016 के वित्तीय लाभ लंबित हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम सहित विभिन्न बोर्डों और निगमों के कर्मचारियों के भी कई मामले लंबित हैं।

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह रील बनाने वाले नेता हैं, रियल नेता नहीं। उन्होंने राहुल गांधी के प्राथमिकी मामले को लेकर भी कांग्रेस पर राजनीति करने का आरोप लगाया। राष्ट्रीय गीत के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर देश को बांटने की राजनीति को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए काम करने वाली सरकार की जरूरत है। अनुराग ठाकुर ने कर्मचारियों को एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया। सम्मेलन में रखी गई मांगों पर भाजपा केंद्र और प्रदेश में सरकार बनने पर काम करेगी।

पेंशन अधिकार है, खैरात नहीं : अनुराग

अनुराग ठाकुर ने कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने पेंशनरों और पूर्व सैनिकों के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। वन रैंक, वन पेंशन लागू करने के साथ पेंशन अदालतें शुरू की गईं। डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र और पेंशन संबंधी ऑनलाइन सुविधाओं से बुजुर्गों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि पेंशनरों के सम्मान और अधिकार से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

अनुराग ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अभी हाल में एक बार फिर पेट्रोल डीजल पर सेस बढ़ा दिया गया। अब तो ऐसा लगता है की बस राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के नाम पर टैक्स लगाना बाकी रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये बूटकेस, लूटकेस और सूटकेस की सरकार है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल की जनता ने भी तय कर लिया है कि इस सरकार को वह सत्ता से बाहर करके ही दम लेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story