केंद्रीय मंत्री नड्डा से मिले सांसद अनुराग, टीएमसी को स्वायत्त संस्थान का दर्जा देने और एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर की मांग

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय मंत्री नड्डा से मिले सांसद अनुराग, टीएमसी को स्वायत्त संस्थान का दर्जा देने और एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर की मांग


धर्मशाला, 14 अगस्त (हि.स.)। राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश, विशेषकर कांगड़ा जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक एवं विस्तृत चर्चा की। मुलाकात के दौरान अनुराग शर्मा ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, टांडा (कांगड़ा) को पीजीआई चंडीगढ़ की तर्ज पर स्वायत्त संस्थान का दर्जा प्रदान करने तथा टांडा में अडवांस्ड ट्रामा सेंटर स्थापित करने का आग्रह किया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक विचार-विमर्श एवं सहयोग का आश्वासन दिया। अनुराग शर्मा ने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज को अत्याधुनिक सुपर-स्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाओं से सशक्त बनाना प्रदेश के व्यापक जनहित में महत्वपूर्ण कदम होगा। इससे कांगड़ा सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के लोगों को बेहतर एवं उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा गंभीर मरीजों को उपचार के लिए दूसरे राज्यों में रेफर करने की आवश्यकता भी कम होगी।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हित और जनसेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को हर उचित मंच पर उठाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। टांडा को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित कर प्रदेश का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बनाने की दिशा में हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story