ज्वाली में हृदयविदारक घटना में मां-बेटी की संदिग्ध मौत : रात को खाया खाना, सुबह उठीं अर्थियां
धर्मशाला, 03 जुलाई (हि.स.)। जिला कांगड़ा के ज्वाली क्षेत्र में एक परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। थाना ज्वाली के तहत आने वाले गांव धेवा (धेला) में बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला और उसकी 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
इस हृदयविदारक और संदिग्ध घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), धर्मशाला ने स्वतः संज्ञान लिया है और पुलिस से मामले की विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट (स्थिति रिपोर्ट) तलब की है।
रात को एक साथ किया था भोजन, सुबह पसरा मातम
जानकारी के अनुसार धेवा पंचायत में रहने वाले इस परिवार ने गुरुवार रात को एक साथ भोजन किया था। खाना खाने के बाद महिला, उसकी बेटी और बेटा एक कमरे में सो गए, जबकि महिला का पति सोने के लिए दूसरे कमरे में चला गया। शुक्रवार सुबह जब पति की आंख खुली और उसने कमरे में जाकर देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बिस्तर पर उसकी पत्नी और बेटी संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पड़े थे, जबकि नाबालिग बेटा गंभीर हालत में लगातार उल्टियां कर रहा था।
ग्रामीणों की मदद से बेटे को पहुंचाया अस्पताल
बदहवास पिता ने तुरंत शोर मचाकर पड़ोसियों को इकट्ठा किया और ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से बीमार बेटे को जवाली अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल बच्चे का अस्पताल में सघन उपचार चल रहा है। एक ही रात में हंसते-खेलते परिवार के उजड़ जाने से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

