पुलिस मासिक अपराध बैठक में कई विषयों पर चर्चा, एसपी ने लंबित मामलों का जल्द निपटारा करने के दिये आदेश

WhatsApp Channel Join Now


धर्मशाला, 12 नवंबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक कार्यालय धर्मशाला में वीरवार को पुलिस अधीक्षक, जिला कांगड़ा की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समस्त पुलिस उप-मण्डलाधिकारियों व थाना प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति, अपराध नियंत्रण, लंबित आपराधिक मामलों के शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण, एनडीपीएस मामलों में वित्तीय जांच, साइबर अपराधों की रोकथाम, यातायात प्रबंधन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त अवैध खनन तथा नशा तस्करी जैसी गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रखने पर विशेष बल दिया गया।

उन्होंने निर्देश दिए कि अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस की कार्यप्रणाली को और अधिक सक्रिय, जवाबदेह एवं परिणामोन्मुख बनाया जाए तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस वर्ष 2026 में चोरी एवं गृहभेदन के विभिन्न मामलों में 96,72,790 रुपये व चोरी के विभिन्न मामलों में 69,67,500 रुपये की राशि बरामद की गई तथा इस माह में कुल 29 लाख रुपये की संपत्ति के फ्रीजिंग आदेश पारित करवाये गए हैं। इसके अतिरिक्त, हाल ही में पुलिस थाना पालमपुर में साइबर धोखाधड़ी में 19 लाख 50 हजार रुपये की राशि भी रिकवर की गई है। विशेषत जिला कांगड़ा में उपरोक्त श्रेणियों के मामलों में लंबित मामलों का प्रतिशत मात्र 22 प्रतिशत है, जो प्रदेश में अन्य जिलों से कम है। ज़िला कांगड़ा लंबित मामलों का निपटारा करने में प्रदेश में अग्रणी रहा है।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्ण ईमानदारी, संवेदनशीलता, अनुशासन एवं पेशेवर दक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा, विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करना तथा प्रत्येक नागरिक को बेहतर, निष्पक्ष एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776048 Articles

Share this story