मानसून में यात्रियों की सुरक्षा पर एचआरटीसी की चालक-परिचालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 16 जुलाई (हि.स.)। मानसून के सक्रिय होते ही प्रदेश में भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने चालक-परिचालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। निगम मुख्यालय ने सभी मंडलों, क्षेत्रीय प्रबंधकों, डिपो और बस अड्डा प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून के दौरान सुरक्षित बस संचालन और वाहन पार्किंग संबंधी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए।

एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्डा ने बताया कि मुख्यालय से जारी निर्देशों के अनुसार सभी चालक-परिचालकों को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। बसों को केवल निर्धारित डिपो, बस अड्डों अथवा चिन्हित सुरक्षित स्थानों पर ही पार्क किया जाएगा। बाढ़ संभावित क्षेत्रों, निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले स्थानों पर किसी भी स्थिति में बस खड़ी नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि एडवाइजरी में बस पार्क करते समय पार्किंग ब्रेक का अनिवार्य रूप से उपयोग करने और आवश्यकता पड़ने पर पहियों के आगे-पीछे व्हील चोक लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि वाहन अनियंत्रित होकर आगे न बढ़ सके। रात्रि के समय बसों को केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करने तथा सड़क किनारे या असुरक्षित स्थानों पर बिना निगरानी के वाहन छोड़ने से बचने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

निगम ने स्पष्ट किया है कि भारी बारिश, भूस्खलन या किसी अन्य आपात स्थिति में चालक-परिचालक तुरंत संबंधित क्षेत्रीय प्रबंधक या डिपो प्रभारी से संपर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त करें और बस को सुरक्षित स्थान पर ले जाएं। ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों को अपने सुपुर्द वाहनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी सतर्कता और सावधानी के साथ निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

पंकज चड्डा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं से बचाव के उद्देश्य से मानसून के दौरान इस प्रकार की एडवाइजरी हर वर्ष जारी की जाती है। उन्होंने सभी चालक-परिचालकों से अपील की कि जारी दिशा-निर्देशों का पूरी गंभीरता से पालन करें, ताकि बरसात के मौसम में सुरक्षित और निर्बाध परिवहन सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story