कांगड़ा जिला में 15 जून को होगी आपदा प्रबंधन मेगा माॅक एक्सरसाइज

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 02 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भारत सरकार के सहयोग से राज्यभर में भूकंप, बादल फटने तथा वनाग्नि जैसी आपदाओं पर आधारित 10वीं राज्य स्तरीय मेगा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जा रहा है। यह मेगा मॉक एक्सरसाइज 15 जून 2026 को राज्य के विभिन्न जिलों में एक साथ आयोजित की जाएगी।

इस बाबत एनडीएमए द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से आयोजित ओरिएंटेशन एवं समन्वय बैठक में जिला कांगड़ा की ओर से अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (एडीएम) शिल्पी बेक्टा की अध्यक्षता में भाग लिया गया। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, परिवहन, वन विभाग, होमगार्ड, एनसीसी, आपदा मित्रों तथा अन्य संबंधित विभागों एवं हितधारकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान एनडीएमए के अधिकारियों द्वारा मेगा मॉक एक्सरसाइज की रूपरेखा, उद्देश्य, आपदा परिदृश्यों तथा विभिन्न विभागों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य राज्य एवं जिला स्तर की आपदा प्रबंधन योजनाओं का परीक्षण, विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को सुदृढ़ करना, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना तथा आपदा प्रबंधन तंत्र में संभावित कमियों की पहचान करना है।

एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने सभी विभागों को आगामी मॉक एक्सरसाइज के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित मानक संचालन प्रक्रियाओं एवं संसाधनों की समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय मेगा मॉक एक्सरसाइज के अंतर्गत 12 जून 2026 को टेबल टॉप एक्सरसाइज तथा 15 जून 2026 को राज्यभर में भौतिक मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विभागों, आपदा प्रतिक्रिया बलों तथा सामुदायिक स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रहेगी

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story