सुक्खू सरकार के जीरो टालरेंस का फायदा उठा रहे दबंग भ्रष्टाचारी : सुधीर शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
सुक्खू सरकार के जीरो टालरेंस का फायदा उठा रहे दबंग भ्रष्टाचारी : सुधीर शर्मा


धर्मशाला, 15 मई (हि.स.)। धर्मशाला के भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार के जीरो टालरेंस का फायदा दबंग भ्रष्टाचारी उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला नगर निगम चुनाव कांग्रेस सरकार के गले की फांस बन चुकी है। उन्होंने कहा कि न ही मुख्यमंत्री और ही न ही सरकार के नुमाईदों के पास ऐसी विकास की कोई उपलब्धि है जिसे व जनता के समक्ष रख सकें। सुधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में केवल अपनी मित्र मंडली का ध्यान रखा है, न कि जनता का। स्वास्थ्य सेवाओं के चरमराने, बेरोजगारी बढ़ने, कर्मचारियों की वेतन-पेंशन समस्याओं, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और झूठी गारंटियों को लेकर जनता आक्रोशित है।

शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश की स्थिति यह है कि कर्मचारियों का वेतन और रिटायर्ड कर्मचारियों का वेतन वक्त पर नहीं मिल रहा है। एक तरफ आर्थिक बदहाली की बात की जाती है और दूसरी तरफ अपनों का मुख्यमंत्री पूरा ध्यान रखते हैं। अपने चहेतों को मुख्यमंत्री ने कैबिनेट रैंक बांटते हैं। उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री के करीब है, उन्हें किसी तरह की कोई कमी नहीं हो रही है. लेकिन, राज्य की जनता के लिए सरकार के पास कुछ भी नहीं है।

उन्होंने सुक्खू सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सुक्खू सरकार अपने अबतक के कार्यकाल में एक भी नौकरी नहीं दी है और जो मांगने आया, उसे गुमराह किया गया। उन्होंने कहा प्रदेश में सुक्खू के काम के तरीके से जनता व युवा वर्ग बेहद गुस्से में हैं। कांग्रेस सरकार ने राग और द्वेष से काम किया है, नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना उसका चरित्र बन चुका है।

विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि सरकार ने ऐसी तमाम योजनाओं को बंद करने का काम किया, जिससे जनता का सीधा फायदा हो रहा था। उन्होंने कहा कि आज जनता पूछ रही है कि आखिर यह संस्थान और यह योजनाएं क्यों बंद की गई। बेरोजगार पूछ रहे एक लाख नौकरियां कहां है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू हर मोर्चे पर विफल रहे हैं। सरकार ने सत्ता में आने के बाद महिलाओं को भी ठगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम धर्मशाला के सभी 17 वार्डों के भाजपा उम्मीदवार जनता के समर्थन से मजबूती के साथ आगे बढ़ रहे है। भाजपा सभी उम्मीदवार भारी मतों से जीत दर्ज नगर निगम का दायित्व संभालते हुए विकास को गति देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story