विधायक कमलेश ठाकुर ने 35 लाभार्थियों को 8.50 लाख रुपये के चेक वितरित किए

WhatsApp Channel Join Now
विधायक कमलेश ठाकुर ने 35 लाभार्थियों को 8.50 लाख रुपये के चेक वितरित किए


धर्मशाला, 15 जुलाई (हि.स.)। समाज के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत प्रदान करने की दिशा में बुधवार को मिनी सचिवालय देहरा में विधायक कमलेश ठाकुर की अध्यक्षता में चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री राहत कोष के अंतर्गत 35 जरूरतमंद लाभार्थियों को लगभग 8 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, जरूरतमंद, तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का एकमात्र ध्येय यह है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी सहायता से वंचित न रहे।

उन्होंने यह भी कहा कि यह आर्थिक सहायता केवल एक चेक नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के जीवन में आशा, आत्मविश्वास और संबल का माध्यम है। सरकार का लक्ष्य लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना तथा कठिन परिस्थितियों में उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करना है।

चेक वितरण कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने उपस्थित लोगों की समस्याओं को भी सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story