मां बगलामुखी जयंती पर होगा तीन दिवसीय उत्सव का आयोजन : कमलेश ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
मां बगलामुखी जयंती पर होगा तीन दिवसीय उत्सव का आयोजन : कमलेश ठाकुर


मां बगलामुखी जयंती पर होगा तीन दिवसीय उत्सव का आयोजन : कमलेश ठाकुर


धर्मशाला, 12 अप्रैल (हि.स.)। विधायक कमलेश ठाकुर ने रविवार को कांगड़ा जिला के प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उसके उपरांत मंदिर न्यास की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष मां बगलामुखी जयंती को तीन दिवसीय उत्सव के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

बैठक में मंदिर न्यास की कार्यकारिणी के सदस्य भी उपस्थित रहे तथा जयंती के सफल आयोजन को लेकर उनके सुझाव आमंत्रित किए गए। सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

निर्णय के अनुसार जयंती के मुख्य दिवस पर झंडा रस्म, विशेष पूजा-अर्चना, मंदिर प्रांगण में भव्य महाआरती तथा कन्या पूजन जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त तीन दिनों तक विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान एवं भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा।

मंदिर न्यास की ओर से विधायक को अवगत कराया गया कि मंदिर में सभी धार्मिक उत्सव प्रतिवर्ष बड़े हर्षोल्लास के साथ आयोजित किए जाते हैं तथा वर्षभर विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां संचालित की जाती हैं। महंत के मार्गदर्शन में मंदिर ट्रस्ट द्वारा जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता, आपदा राहत कोष में योगदान, गरीब कन्याओं के विवाह हेतु सहायता तथा श्रद्धालुओं के लिए लंगर एवं चाय की व्यवस्था निरंतर संचालित की जा रही है।

कमलेश ठाकुर ने मंदिर न्यास द्वारा किए जा रहे9 सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह सभी कार्य माता रानी की कृपा से संभव हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हो रहे विकास कार्य भी माता रानी के आशीर्वाद का परिणाम हैं तथा वे स्वयं को जनता का सेवक मानते हुए कार्य कर रहे हैं।

बनखंडी में निर्माणाधीन जूलोजिकल पार्क का किया निरीक्षण

विधायक ने इसके बाद बनखंडी में निर्माणाधीन दुर्गेश अरण्य वन्य प्राणी उद्यान (जूलॉजिकल पार्क) के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story