कांगड़ा जिला में इस वर्ष नशा तस्करी के अब तक 313 मामले दर्ज, 517 लोगों पर कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
कांगड़ा जिला में इस वर्ष नशा तस्करी के अब तक 313 मामले दर्ज, 517 लोगों पर कार्रवाई


धर्मशाला, 30 अक्टूबर (हि.स.)।

कांगड़ा जिला में नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छापामारी अभियान में तेजी लाने तथा ऐसे असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी मुद्दे को लेकर धर्मशाला में जिला स्तरीय नार्काे कोऑर्डिनेशन सेंटर समिति की मासिक समीक्षा बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने कहा कि जिला कांगड़ा में नशे के विरुद्ध व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अब तक जिले में नशा तस्करी से संबंधित 313 मामले दर्ज किए गए हैं तथा 517 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। इनमें 483 पुरुष और 34 महिलाएं शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से बनाई गई कुल 37.84 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं। इनमें नूरपुर उपमंडल में सबसे अधिक 31.72 करोड़ रुपये, कांगड़ा में 5.46 करोड़ रुपये तथा देहरा उपमंडल में 65.52 लाख रुपये की संपत्तियां शामिल हैं।

विनय कुमार ने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि जिला स्तरीय एनसीओआरडी समिति की तर्ज पर उपमंडल स्तर पर भी शीघ्र समितियों का गठन किया जाए। उन्होंने पंचायत स्तर पर गठित समितियों की कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इन समितियों को नशा तस्करी से संबंधित गतिविधियों की सूचना सक्रियता से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर नशे के अवैध कारोबार की जानकारी जुटाने में पंचायतों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

नशे की मांग कम करने और जागरूकता गतिविधियों पर जोर

अतिरिक्त उपायुक्त ने नशे की मांग में कमी लाने के लिए जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने जिले के सभी सरकारी एवं निजी उच्च शिक्षण संस्थानों में गठित नशा निवारण क्लबों को सक्रिय करने तथा विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यालयों में नशे से संबंधित गतिविधियों की सूचना देने के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी वाली पट्टिकाएं लगाने को भी कहा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769592 Articles

Share this story