धर्मशाला और पालमपुर नगर निगमों में रविवार को मतदान, प्रशासन ने पूरी की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
धर्मशाला और पालमपुर नगर निगमों में रविवार को मतदान, प्रशासन ने पूरी की तैयारी


धर्मशाला, 16 मई (हि.स.)। कांगड़ा जिला की दो नगर निगम धर्मशाला और पालमपुर के रविवार को होने वाले चुनावों के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। गौरतलब है कि धर्मशाला नगर निगम के लिए 17 वार्डों जबकि पालमपुर नगर निगम के 15 वार्डों के लिए कल रविवार को मतदान होना है।

एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

उन्होंने बताया कि नगर निगम धर्मशाला के कुल 17 वार्डों में मतदान के लिए 34 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें से 12 मतदान केंद्रों को संवेदनशील तथा 5 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील (हाइपर सेंसिटिव) श्रेणी में रखा गया है। इन मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था एवं विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

धर्मशाला नगर निगम में हैं 36800 जबकि पालमपुर में हैं 28 हजार के करीब मतदाता

एसडीएम मोहित रत्न ने बताया कि नगर निगम धर्मशाला क्षेत्र में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या 36,800 है। इनमें 18,258 महिला मतदाता तथा 18,542 पुरुष मतदाता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और सभी पात्र मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि मतदान प्रक्रिया 17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक संपन्न करवाई जाएगी। इसके पश्चात नगर निगम चुनावों के लिए मतगणना 31 मई 2026 को सुबह 9 बजे से नगर निगम मुख्यालय में आरंभ की जाएगी।

एसडीएम मोहित रत्न ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता तथा निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी चुनाव प्रक्रिया में सहयोग बनाए रखने तथा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story