हिमाचल में पहली बार होगी मास्टर्स नेशनल हॉकी प्रतियोगिता, ऊना में होगा आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में पहली बार होगी मास्टर्स नेशनल हॉकी प्रतियोगिता, ऊना में होगा आयोजन


धर्मशाला, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी के स्तर को भी ऊंचा करने के लिए अब एक अहम कदम उठाया गया है। हॉकी हिमाचल के अध्यक्ष एवं विधायक नूरपुर रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि हॉकी के स्तर को बढ़ाने के लिए राज्य में पहली बार मास्टर्ज नेशनल हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता ऊना जिले में आयोजित की जाएगी। यह चैंपियनशिप 31 मार्च 2026 से पहले आयोजित की जाएगी, जिसका शेडयूल भी जल्द ही जारी किया जाएगा। शनिवार को धर्मशाला में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए रणवीर सिंह ने कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप पहली बार आयोजित की जा रही है, जिससे राज्य के खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। इस चैंपियनशिप में देश भर के हॉकी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। ऐसे बड़े इवेंट होने से खिलाड़ियों को उत्साह मिलेगा और राज्य के खेल की दिशा में नई उम्मीदें जगेंगी। इससे पहले हॉकी हिमाचल की एक महत्वपूर्ण बैठक धर्मशाला में संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि बैठक का एजेंडे का मुख्य फोकस आगामी खेल आयोजनों पर रहा। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण विषय मास्टर्स नेशनल चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी की तैयारियों पर चर्चा करना था, जिसका आवंटन हॉकी हिमाचल को प्राप्त हुआ है। सदस्यों ने इस प्रतिष्ठित आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रारंभिक योजनाओं और आवश्यकताओं पर विचार-विमर्श किया। साथ ही, वर्ष 2025 की शेष बची राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन की रूपरेखा और तारीखों को भी अंतिम रूप दिया गया। इसके अलावा, राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें जूनियर वूमेन स्टेट चैंपियनशिप नूरपुर में और मेन सीनियर चैंपियनशिप मंडी में आयोजित की जाएगी, जबकि वूमेन सीनियर प्रतियोगिता हमीरपुर में आयोजित की जाएगी।

खिलाड़ियों को मिले नौकरी, सदन में रखूंगा पक्ष नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि प्रदेश का नाम रोशन करने वालों को सम्मान और नौकरी तुरंत दी जाए। वह शीतकालीन सत्र में इस बात को मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब-हरियाणा के अलावा अन्य कई राज्यों में खिलाड़ियों को खेल वातावरण के साथ बेहतर भविष्य के लिए सरकारी नौकरी मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story