9 मई को आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 28 अप्रैल (हि.स.)। जिला व सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कांगड़ा चिराग भानू सिंह ने बताया कि प्रदेश के सभी जिला एवं अधीनस्थ न्यायालयों में 9 मई, 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से बैंक मामलों, श्रम विवादों, बिजली एवं पानी के बिलों से जुड़े प्रकरणों, वैवाहिक विवादों, चैक बाउंस मामलों, पूर्व मुकदमेबाजी तथा लंबित मामलों का आपसी सहमति से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति मुकदमे से पहले ही संबंधित पक्ष या विभाग के साथ समझौता करना चाहता है तो वह संबंधित न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत कर सकता है, ताकि मामले को लोक अदालत में रखा जा सके। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली तथा हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए लोक अदालत में बढ़-चढ़कर भाग लें।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story