कांग्रेस को अगले चुनाव में हार का अहसास, अभी से विपक्ष की भूमिका निभाने की कर रहे रिहर्सल : जय राम ठाकुर
धर्मशाला, 18 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को अब एहसास हो गया है कि अगले विधानसभा चुनाव में उसे सत्ता से बाहर होना पड़ेगा। यही वजह है कि कांग्रेस के नेता अभी से विपक्ष की भूमिका निभाने की रिहर्सल करने लगे हैं।
विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए जयराम ठाकुर ने हिमकेयर योजना को लेकर मुख्यमंत्री की ओर से सदन में दिए गए बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सदन के भीतर ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिन्हें सुनना और बोलना भी समाज के लिए उचित नहीं है। हिमकेयर योजना के संदर्भ में मुख्यमंत्री ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री को सदन में इस तरह के अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा से मुख्यमंत्री के पद की गरिमा प्रभावित होती है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

