चार लाख नौकरियां देने के बजाय हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरियां छीनी : जय राम ठाकुर

WhatsApp Channel Join Now
चार लाख नौकरियां देने के बजाय हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरियां छीनी : जय राम ठाकुर


चार लाख नौकरियां देने के बजाय हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरियां छीनी : जय राम ठाकुर


धर्मशाला, 06 अक्टूबर (हि.स.)। नेता विपक्ष जय राम ठाकुर अपने कांगड़ा दौरे के दौरान सुक्खू सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार बनाने के लिए कांग्रेस ने झूठ बोलने की सारी हदें पार कर दी हैं। मंगलवार को नगरोटा बगवां में कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से मिलने के बाद में मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने यह बात कही।

जय राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता चौक-चौराहे पर खड़े होकर 58 साल वाली नौकरी देने की कसमें खा रहे थे। पहले कैबिनेट में एक लाख और कुल पांच लाख नौकरियां देने की गारंटी दे रहे थे। अब सरकार बने हए 4 साल हो गए हैं। चार लाख नौकरियां देना तो दूर, हर साल पूर्व सरकार में आउटसोर्स पर रखे गए हजारों लोगों को नौकरी से निकाल दिया। बीते कल ही मंडी के नेर चौक मेडिकल कॉलेज में कार्यरत एक आउटसोर्स कर्मी ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि मित्रों के अलावा सरकार किसी के हित की चिंता नहीं कर रही है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और सुक्खू सरकार के बीच की कलह पूरे प्रदेश के सामने है। बड़ी-बड़ी बातें करने वाले मुख्यमंत्री बार-बार कैबिनेट की बैठकें टाल रहे हैं। सरकार की नाकामी की कीमत पूरे प्रदेश के लोग चुका रहे हैं। मुख्यमंत्री सिर्फ झूठ बोलकर अपनी नाकामियों को छुपाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब उनके झूठ का भांडा फूट चुका है।

रोबोटिक सर्जरी को लेकर राष्ट्रपति के सामने भी झूठ बोले मुख्यमंत्री

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने देश के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सामने भी अपने झूठ की गठरी खोल दी। उन्होंने राष्ट्रपति को बताया कि हिमाचल प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी हो रही है। प्रदेश के पांच सौ से ज्यादा सर्जन ने रोबोटिक सर्जरी की ट्रेनिंग भी ले ली है। हैरानी इस बात की है कि क्या मुख्यमंत्री को यह पता नहीं है कि प्रदेश में कितने मेडिकल कॉलेज हैं और उन्होंने कितनी रोबोटिक सर्जरी की मशीन खरीदी हैं। चंबा और नाहन मेडिकल कॉलेज के मरीज रोबोटिक सर्जरी वाले ब्लॉक का पता पूछ रहे हैं। राष्ट्रपति के सामने किए गए अपने दावे को साबित करने के लिए मुख्यमंत्री को एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए, जिसमें वह प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेज में हो रही रोबोटिक सर्जरी और रोबोटिक सर्जरी में प्रशिक्षित सर्जन का पूरा विवरण हो।

दिवंगत मनकोटिया और राम चन्द्र भाटिया के परिजनों से मिले जय राम

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने कांगड़ा दौरे के दौरान मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय विजय सिंह मनकोटिया और स्वर्गीय रामचंद्र भाटिया के आवास जाकर उनके परिजनों से भेंट की। उन्होंने इस मौके पर परिजनों से अपनी संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story