कानून व्यवस्था और पेंशनर्स के मुद्दे पर भाजपा ने घेरी सरकार

WhatsApp Channel Join Now
कानून व्यवस्था और पेंशनर्स के मुद्दे पर भाजपा ने घेरी सरकार


धर्मशाला, 13 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कानून व्यवस्था और पेंशनर्स की समस्याओं को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। शुक्रवार को जारी बयान में राकेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। कहीं गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं तो कहीं महिलाओं से छीना-झपटी की वारदातें हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश का हर वर्ग सरकार की कार्यप्रणाली से दुखी है। सरकार की 1500 रूपए की घोषणा के पूरा होने का महिलाएं इंतज़ार कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बड़े बड़े होर्डिंग्स लगा कर अपनी योजनाओं का प्रचार कर रही है, जबकि धरातल पर उन योजनाओं का कोई वजूद नहीं है। शर्मा ने कहा कि अपनी पूरी जिंदगी विभिन्न सरकारी विभागों में सेवाएं देने वाले कर्मचारी सेवानिवृत्ति के बाद भी पेंशन और अन्य वित्तीय लाभों के लिए सरकार की ओर देख रहे हैं। सरकार की अनदेखी के चलते पेंशनर्स को अपने हक के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों और पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776353 Articles

Share this story