करेरी ट्रैक पर अब ट्रैकिंग के शौकीनों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं, 2.25 करोड़ से विकसित होंगी पर्यटन सुविधाएं

WhatsApp Channel Join Now
करेरी ट्रैक पर अब ट्रैकिंग के शौकीनों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं, 2.25 करोड़ से विकसित होंगी पर्यटन सुविधाएं


करेरी ट्रैक पर अब ट्रैकिंग के शौकीनों को मिलेगी बेहतर सुविधाएं, 2.25 करोड़ से विकसित होंगी पर्यटन सुविधाएं


धर्मशाला, 27 नवंबर (हि.स.)। कांगड़ा जिले के खूबसूरत पर्यटन स्थलों में से एक शाहपुर के करेरी ट्रैक को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए वन विभाग ने पहल की है। करेरी ट्रैक पर पर्यटकों और ट्रैकिंग के शौकीनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए ब्यूटीफिकेशन और आधारभूत ढांचे के विकास की योजना तैयार की गई है। इसके लिए पर्यटन विभाग ने पहली किश्त के रूप में 50 लाख रुपये जारी कर दिए हैं, जबकि करीब 2.25 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर विभाग को भेजी गई है।

योजना के तहत करेरी ट्रैक पर प्रवेश द्वार, गजीबो, रेन शेल्टर और दो पुलों का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों को 31 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। धर्मशाला के डीएफओ अमित शर्मा ने बताया कि करेरी एक महत्वपूर्ण ट्रैकिंग स्थल है। यहां के घने जंगल और प्राकृतिक सुंदरता पर्यटकों को आकर्षित करती है। ऐसे में पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि करेरी की सुंदरता निखारने और पर्यटकों को सुविधाएं देने के लिए वन विभाग ने करीब 2.25 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार कर पर्यटन विभाग को भेजी थी। पहले चरण में जारी 50 लाख रुपये से प्रवेश द्वार, पर्यटकों के बैठने और आराम करने के लिए गजीबो तथा बारिश से बचाव के लिए रेन शेल्टर बनाए जाएंगे।

डीएफओ ने बताया कि करेरी ट्रैक पर दो ऐसे स्थान हैं, जहां पर्यटकों को नाले पार करने पड़ते हैं। गर्मियों में पानी कम होने के कारण लोग आसानी से इन्हें पार कर लेते हैं, लेकिन अन्य मौसम में परेशानी होती है। इसे देखते हुए दोनों स्थानों पर पुलों का निर्माण किया जाएगा। इन सुविधाओं के विकसित होने से करेरी आने वाले पर्यटकों और ट्रैकिंग करने वालों को राहत मिलेगी। साथ ही इस पर्यटन स्थल को व्यवस्थित रूप से विकसित करने में मदद मिलेगी।

गौरतलब है कि इस करेरी स्थल की खूबसूरती देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में देशी व विदेशी ट्रैकिंग के लिए यहां पंहुचते हैं। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में स्थित यह स्थल बहुत ही खूबसूरत है। करेरी पंहुचने पर जहां एक खूबसूरत झील है वहीं यहां की हरी भरी वादियां और जंगल पर्यटकों को खासा आकर्षित करता है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783947 Articles

Share this story