मीडिया के लिए रविवार को होगा ‘संडेज ऑन साइकिल’ का विशेष आयोजन

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 19 सितंबर (हि.स.)। खेलो इंडिया के तहत चलाए जा रहे फिट इंडिया आंदोलन के अंतर्गत कल रविवार को ‘संडेज ऑन साइकिल’ का विशेष संस्करण आयोजित किया जाएगा। इस बार यह आयोजन पत्रकार संगठनों, समाचार एजेंसियों और मीडिया संस्थानों पर केंद्रित रहेगा। केंद्रीय स्तर से जारी पत्र में आकाशवाणी समाचार से जुड़े मान्यता प्राप्त पत्रकारों, संपादकों, मीडिया कर्मियों और मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों से इसमें सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया है।

पत्र के अनुसार फिट इंडिया साइकिल अभियान ‘संडेज ऑन साइकिल’ की शुरुआत 17 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली से हुई थी। अब तक यह अभियान देश के 500 से अधिक जिलों तक पहुंच चुका है और 36 लाख से अधिक साइकिल प्रेमियों की भागीदारी के साथ आठ करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बना चुका है। 90 संस्करणों के दौरान यह अभियान साइकिलिंग से आगे बढ़कर योग, जुंबा, रस्सी कूद और अन्य सामुदायिक गतिविधियों वाले फिटनेस उत्सव का रूप ले चुका है। विशेष संस्करण का उद्देश्य मीडिया जगत को साइकिलिंग, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ना है।

पत्र में मीडिया कर्मियों से साइकिल यात्रा और अन्य फिटनेस गतिविधियों में भाग लेने तथा इनके संदेश को अपने-अपने माध्यमों से व्यापक स्तर तक पहुंचाने का आग्रह किया गया है। विशेष आयोजन का मुख्य कार्यक्रम 20 सितंबर को दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में प्रस्तावित है। खेल प्राधिकरण की ओर से संबंधित मीडिया संस्थानों और प्रतिभागियों के साथ समन्वय की व्यवस्था की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story